World Cup 2023: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को दिया 400 रन का लक्ष्य, हेनरिच ने लगाया तूफानी शतक

By: Shilpa Sat, 21 Oct 2023 8:59:51

World Cup 2023: दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को दिया 400 रन का लक्ष्य, हेनरिच ने लगाया तूफानी शतक

मुम्बई। विश्व कप 2023 का 20वां मुक़ाबला गत चैम्पियन इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश गेंदबाजों के धागे खोल दिये और उन्हें जीत के लिए 400 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। इस दौरान विकेट कीपर बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन ने तूफानी शतक लगाया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 399 रन बनाए। यह वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। दक्षिण अफ्रीका के लिए हेनरिच क्लासेन ने मात्र 67 गेंद पर 12 चौके और चार छक्कों की मदद से 109 रनों की पारी खेली। उनके अलावा ऑलराउंडर मार्को यानसेन ने भी आतिशी बल्लेबाजी की। यानसेन ने 42 गेंद पर छह छक्के और तीन चौके की मदद से नाबाद 75 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी 4 ओवर में 76 रन ठोके। वहीं छठे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की।



इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स ने 75 गेंद पर 85 रन, रसी वान डर डुसेन ने 61 गेंद पर 60 रन और एडेन मार्करम ने 44 गेंद पर 42 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए रीस टॉपले ने तीन, आदिल रशीद और गस एटिंकसन ने दो - दो विकेट लिए। इंग्लैंड के लिए इस लक्ष्य को पाना आसान नहीं होगा। अगर इंग्लैंड ऐसा कर लेता है तो यह वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे बड़ी चेज़ होगी।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए क्रिकेट और खेल से जुड़ी News in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com